Web News

www.upwebnews.com

एटा में चौराहे पर ढाई फीट के यूट्यूबर संग रील बनाने पर ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर निलंबित

February 25, 2026

एटा में चौराहे पर ढाई फीट के यूट्यूबर संग रील बनाने पर ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर निलंबित

ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर पर कार्रवाई

एटा 25 फरवरी उप्रससे। जनपद में एक वायरल रील ने ट्रैफिक विभाग में हलचल मचा दी। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर सुरेश बाबू के साथ एक यूट्यूबर द्वारा बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया। वीडियो में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय यूट्यूबर ‘छोटा ऊदल’ टीएसआई के पैर छूते नजर आ रहा है, जबकि बैकग्राउंड में आल्हा ऊदल का गीत बज रहा है।

यह रील एटा शहर के पंडित दीनदयाल चौराहे पर बनाई गई बताई जा रही है। वीडियो में टीएसआई सुरेश बाबू ड्यूटी के दौरान खड़े दिख रहे हैं। तभी ‘छोटा ऊदल’ नाम से मशहूर यूट्यूबर उनके पास पहुंचता है और पैर छूने का अभिनय करता है। छोटा ऊदल अपने छोटे कद और हास्य शैली के कारण सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है। लेकिन ड्यूटी के दौरान इस तरह की रील बनना विभागीय अनुशासन पर सवाल खड़े कर गया।
रील के वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए टीएसआई सुरेश बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया कंटेंट बनाना और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि वीडियो कब बनाया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में चर्चा है कि क्या ड्यूटी के दौरान इस तरह की रील बनाना आचार संहिता का उल्लंघन है? क्या संबंधित अधिकारी की जानकारी में वीडियो बनाया गया या यह अचानक की गई हरकत थी? फिलहाल विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग का सख्त संदेश माना जा रहा है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए वर्दी की गरिमा से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। एटा में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर जांच के नतीजों पर टिकी है।