Posted on 28.02.2026 Time 09.15 PM Saturday
Iran responds to joint US-Israeli strikes
तेहरान 28 फरवरी। अमरीका और इज़राइल के ईरान पर समन्वित हमलों से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश में ईरान में सैन्य अभियान शुरू करने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मौजूदा ईरानी शासन अमरीका के व्यापक राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के लिए खतरा है और इसे रोकने के लिए अमरीकी सेना ने व्यापक सैन्य अभियान शुरू किया है।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ ऑपरेशन लायन्स रोर के अन्तर्गत इज़राइल और अमरीका का संयुक्त सैन्य अभियान शुरू किए जाने की पुष्टि की है। राष्ट्र को संबोधित एक वीडियो संदेश में उन्होंने इस कार्रवाई को ईरान से उत्पन्न अस्तित्व के संकट से निपटने के लिए आवश्यक बताया।
अमरीका और ईरान के बीच संभावित परमाणु समझौते को लेकर बढ़ते तनाव और पश्चिम एशिया में व्यापक सैन्य टकराव की आशंकाओं के बीच यह हमले किए गए हैं। कुछ अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसियों ने बताया है कि इजरायली हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री अमीर नासिरज़ादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर के मारे जाने की आशंका है।
इससे पहले इस्राएली सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि पश्चिमी ईरान में कई सैन्य ठिकानों पर व्यापक हमले किए जा रहे हैं।
ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में विस्फोटों की खबर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेहरान में विस्फोट से घना धुआं देखा गया। यह हमला सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के नजदीक हुआ। हमलों के बाद ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है और मोबाइल फोन सेवाएं बाधित हो गई हैं। जानमाल के नुकसान की स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस बीच इस्राएल के हवाई हमलों के बाद इराक ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।
जवाबी कार्रवाई में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में कई ठिकानों पर हमला किया है और अबू धाबी, बहरीन तथा कुवैत में विस्फोटों की खबर है। इस्राएली सेना ने ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने की पुष्टि की है। रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने देश में आपातकाल घोषित किया है।
उधर, बहरीन ने मनामा में अमरीकी नौसेना के 5वें बेड़े के मुख्यालय को मिसाइल हमले में निशाना बनाये जाने की पुष्टि की है। अबू धाबी में एक जबरदस्त विस्फोट की खबर है। कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि क्षेत्र में स्थित सभी इस्राएली और अमरीकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए गए। संयुक्त अरब अमीरात में दुबई हवाई अड्डे पर अगली सूचना तक सभी उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं।
इस बीच ईरान ने कहा है कि अमरीका और इस्राएल को पूरी ताकत के साथ जवाब दिया जाएगा। ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में अमरीका और इस्राएल के संयुक्त हमलों की निंदा की और इसे आक्रामक कार्रवाई बताया। ईरानी सरकार ने संयुक्त राष्ट्र और सुरक्षा परिषद से इस संबंध में तत्काल कदम उठाने का आह्वान किया है।
उधर, कतर के विदेश मंत्रालय ने ईरान के मिसाइल हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि जवाबी हमले का उसका अधिकार सुरक्षित है। कुवैत ने भी ईरानी हमलों के बाद आत्मरक्षा के अधिकार की बात कही है।

