|
लखनऊ,
16 जुलाई, 2020 ( उ.प्र. समाचार सेवा )। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा तैयार किये गये छह
बस स्टेशनों का लोकार्पण एवं सात बस स्टेशनों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने परिवहन निगम की बसों को झण्डी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित बस स्टेशनों नैमिषारण्य (सीतापुर), चित्रकूट (चित्रकूट), बस शेल्टर रूधौली (बस्ती), बस शेल्टर मनकापुर (गोण्डा), बस स्टेशन डिबाई (बुलन्दशहर), अवध बस स्टेशन अयोध्या मार्ग (लखनऊ) का लोकार्पण तथा गुरसहायगंज (कन्नौज), बस स्टेशन जालौन (जालौन), बस स्टेशन कांठ (मुरादाबाद),
बस स्टेशन दिबियापुर (औरैया), बस स्टेशन अलीगंज (एटा), बस स्टेशन बदलापुर (जौनपुर), बस स्टेशन चायल (कौशाम्बी) का शिलान्यास किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार आमजन को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रांसपोर्ट सुविधाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि
कोविड-19 के दौरान उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने अपने आपको सिद्ध किया है। क्योंकि सामान्य दिनों में हर व्यक्ति एवं संस्था अपना काम कर सकती है मगर आपदा एवं चुनौतियों से जूझते हुए परिणाम दे पाना यह किसी भी संस्था के लिए एक बहुत बड़ी कसौटी है और इस कसौटी पर परिवहन निगम खरा उतरा है। उन्होंने
परिवहन निगम को संकट का साथी बताया।
श्री योगी ने कहा कि कोविड-19 को लेकर जब लाॅकडाउन की कार्यवाही प्रारम्भ हुई थी, तब परिवहन निगम ने आपदा में कामगारों/श्रमिकों को गंतव्य तक पहुंचाने का जो कार्य किया है, वह अत्यन्त सराहनीय है। मात्र 48 घण्टे में साढ़े तीन से चार लाख लोगों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के कोटा में प्रदेश के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, जिनकी परिवहन निगम द्वारा सुरक्षित घर वापसी करायी गयी।
सीएम Yogi Adityanath ने कहा कि विशेष श्रमिक ट्रेनों के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री तथा रेल मंत्री का आभारी है। कामगारों एवं श्रमिकों को स्टेशनों से सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने बसों की सेवाएं प्रदान की, जिससे प्रदेश के लगभग 35 लाख लोगों को सुरक्षित परिवहन की
सेवाएं प्राप्त हुईं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग तथा उ0प्र0 राज्य सड़क परिवहन निगम निरन्तर नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों/कामगारों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने
में परिवहन निगम ने उल्लेखनीय कार्य किया है। उ0प्र0 राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक राजशेखर ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। |