कोरोना समाचार कोरोना का कहरःपांच हजार और बढ़े गए संक्रमित, अभी तक की सबसे ज्यादा वृद्धि
नई दिल्ली, 17 मई 2020> (उत्तर प्रदेश समाचार सेवा)। देश में लाकडाउन तीन की समाप्ति और चार की शुरुआत के मौके पर भी कोरोना का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सारे प्रयासों के बावजूद कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। संक्रमितों की संख्या में हर दिन वृद्धि हो रही है। बीते चौबीस घंटों में अभी तक की सबसे ज्यादा वृद्धि दर्ज हुई। इस अवधि में देश में पांच हजार संक्रमित बढ़े हैं। यह सख्या चिंताजनक है। इसी अवधि में देश में संक्रमण से 148 लोगों की मृत्यु हो गई है। संक्रमण की इस बढ़ती को गति देखते हुए ही केन्द्र सरकार ने आज खत्म हुए लाकडाउन तीन के बाद लाकडाउन चार की भी घोषणा कर दी। यह लाकडाउन 31 मई तक जारी रहेगा। इसके बाद की फिर समीक्षा होगी। इन बारह दिनों में यदि संक्रमण पर काबू पाया गया तो लाकडाउन से निजात मिल जाएगी, अन्यथा लाकडाउन की अवधि पर फिर विचार होगा।
देश में संक्रमण उन्हीं राज्यों में तेजी से बढ़ रहा है जहां पहले से स्थिति खराब है। ये राज्य महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली हैं। लेकिन, दूसरी और अब उन राज्यों की ओर कोरोना ने रुख कर लिया है जिनमें पहले संक्रमण नहीं था, अथवा नगण्य था। यह संक्रमण प्रवासी श्रमिकों की अपने राज्यों की ओर वापसी से बढ़ रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश शामिल हैं। इन राज्यों के ही अधिकांश मजदूर दक्षिण और मध्य भारत के बडे शहरों में काम करते हैं। ये श्रमिक अपने घरों को लौट रहे हैं तो इनकी जांच की जा रही है। जांच में काफी संख्या में श्रमिक पाजिटिव मिल रहे हैं। इन श्रमिकों से गांव-गांव संक्रमित हो रहे हैं। गांवों में बढ़ता संक्रमण बेहद चिंताजनकर है।
,
»