|
लखनऊ।
राजधानी के वरिष्ठ पत्रकार एवं उपजा के
पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष सत्येन्द्र अवस्थी
का रविवार को लम्बी बीमारी के बाद निधन हो
गया। लगभग सत्तावन वर्षीय अवस्थी गत
अक्टूबर माह तक हिन्दी दैनिक आज में
कार्यरत थे। वह राजाजीपुरम में रहकर
मधुमेह के कारण स्मृतिलोप का इलाज करा रहे
थे। यहीं दोपहर डेढ़ बजे उनका निधन हो गया।
अवस्थी अपने परिवार में पत्नी, एक पुत्र व
एक पुत्री छोड़ गए हैं। परिजन उनका शव
दोपहर बाद कौंच ले गए, जहां सोमवार को
अन्त्येष्टि की जाएगी। वह मूल रूप से जिला
जालौन के कौंच कस्बे के निवासी थे।
उन्होंने जिला जालौन में हुए साड़ी काण्ड
के बाद पत्रकार आन्दोलन में हिस्सा लिया
था।
पत्रकार सत्येन्द्र अवस्थी की शिक्षा जिला
जालौन में हुई। उच्च शिक्षा के लिए वह
1986 में लखनऊ आ गए थे। उन्होंने लखनऊ
विश्वविद्याल से कानून की पढाÞई की। वह यहां
चन्द्रशेखर आजाद छात्रावास में रहकर पढ़ाई
करते थे। पूर्व विधान परिषद् सभापति कुंवर
मानवेन्द्र सिंह उनके सहपाठी रहे। दैनिक
आज समाचार पत्र का लखनऊ से प्रकाशन शुरु
होने पर 1988 में वह उप सम्पादक नियुक्त
हुए थे। इसके पूर्व उन्होंने कौंच में
वकालत भी की तथा बार एसोसिएशन के सचिव और
उपाध्यक्ष भी रहे। इसी दौरान कौंच में हुए
साड़ी काण्ड के बाद पत्रकार उत्पीड़न की घटना
के विरोध में बड़ा आन्दोलन हुआ। इस आन्दोलन
में बढ़चढ कर हिस्सा लेने पर उनके खिलाफ
जिला प्रशासन ने मामले दर्ज किये थे।
पत्रकारिता जीवन की शुरुआत से ही वह उत्तर
प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन से जुड़ गए
थे। उपजा में वह प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद
पर भी रहे। अवस्थी के निधन पर पत्रकारों
ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उपजा की ओर
से सोमवार को सायं चार बजे प्रदेश
कार्यालय बी-28 दारुलशफा में शोक सभा का
आयोजन किया गया है।
|