|
लखनऊ
(विसंके)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक
एवं पूर्व सह सरकार्यवाह सुरेश रामचंद्र केतकर जी (82
वर्ष) का आज सुबह 8.30 बजे लातूर स्थित स्वामी
विवेकानंद रूग्णालय में स्वर्गवास हो गया। पिछले कुछ
वर्षों से वह पार्किन्सन की बीमारी के चलते लातूर में
रह रहे थे।
सुरेश केतकर जी मूलतः पुणे के स्वयंसेवक थे। उनकी
प्राथमिक शिक्षा पुणे में ही हुई। उन्होंने बीएससी,
बीएड की डिग्री हासिल करने के पश्चात खडकी स्थित
आलेगावकर विद्यालय में एक वर्ष अध्यापक के रूप में काम
किया तथा वर्ष 1958 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के
प्रचारक बनने का निश्चय किया। प्रचारक के रूप में
उन्होंने सांगली जिला, सोलापूर जिला और लातूर विभाग
में कार्य किया। मा. सुरेश जी ने महाराष्ट्र प्रांत के
शारीरिक शिक्षण प्रमुख, तथा क्षेत्र प्रचारक, अखिल
भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख, अखिल भारतीय सह
सरकार्यवाह, अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख पद का दायित्व
निभाया। भारतीय मजदूर संघ, संस्कार भारती, भारतीय
किसान संघ आदि संस्थाओं का पालकत्व भी उनके पास था।
काफी समय तक उनका केन्द्र लखनऊ में रहा। केन्द्रीय
अधिकारी के रूप में वह यहां भारती भवन पर रहते
थे।
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने सुरेशराव जी के निधन
पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुरेशराव केतकर जी के
निधन से एक कर्मठ, परिश्रमी और उदारमना कार्यकर्ता को
हमने खोया है. हम जैसे अनेक कार्यकर्ताओं को गढ़ने में
उनका योगदान रहा है। उनकी पावन स्मृति सभी को अपने
ध्येय मार्ग पर चलने के लिये प्रेरणा देती रहेगी।
निराला नगर में रविवार को
होगी श्रद्धांजलि सभा
लखनऊ विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के
वरिष्ठ प्रचारक सुरेश रामचंद्र केतकर जी निधन पर
सरस्वती कुंज निराला नगर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
किया गया है। यह आयोजन रविवार की सायं 7 बजे माधव
सभागार में होगा। |