लखनऊ,
26 अक्टूबर, 2016। ( उ.प्र.समाचार सेवा)।
समाजवादी पार्टी में मचे घमासान के बीच मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव ने आज प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक से
राजभवन जाकर मुलाकात की। राजभवन सूत्रों के अनुसार इस
दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को 205 विधायकों के
समर्थन की सूची भी सौंपी है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज दोपहर करीब एक बजे राज्यपाल
से मिलने के लिए राजभवन पहुंचे। उनके राजभवन पहुंचते ही
राजधानी में सियासी अटकले तेज हो गयीं। राजनीतिक हलकों
में यह चर्चा होने लगी कि एक बार फिर कुछ बड़ा हो सकता
है। कुछ लोग शिवपाल समेत चार मंत्रियों की सरकार में
वापसी की चर्चा करने लगे तो कुछ आज ही सपा से बर्खास्त
किये गये मंत्री पवन पांडे के सम्बंध की बात करने लगे।
उधर राजभवन के सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने
राज्यपाल को आश्वस्त किया कि प्रदेश में संवैधानिक संकट
नहीं है। उन्होंने इस दौरान अपनी सरकार को 205 विधायकों
के समर्थन की सूची भी राज्यपाल को सौंपी।