लखनऊ।
(उत्तर प्रदेश समाचार सेवा)।
मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर स्कूली
छात्रों के एक दल को जम्मू-कश्मीर राज्य की सद्भावना
यात्रा के लिए हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह दल 22 मई
से 30 मई, 2016 तक जम्मू-कश्मीर का भ्रमण करेगा। छात्रों
के साथ एक सांस्कृतिक दल भी भेजा गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्राएं हमारी
सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं। इस यात्रा का उद्देश्य
समाज में शान्ति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना
है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर देश के स्वर्ग के रूप
में प्रसिद्ध है। विभिन्न देशों के लोग यहां की
प्राकृतिक छटा को देखने आते हैं। श्री यादव ने कहा कि
समाजवादी सरकार का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की गंगा-जमुनी
तहजीब को पूरे देश में प्रचारित-प्रसारित करना है। इसके
लिए राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों से लगातार प्रयास
कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन प्रयासों से देश
की सांस्कृतिक विरासत, एकता व अखण्डता को मजबूत होगी।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने सद्भावना दल के छात्रों से
परिचय भी प्राप्त किया और उन्हें यात्रा के लिए अपनी
शुभकामनाएं भी दी।