लखनऊ।
21 जुलाई,
2016। ( उ.प्र.समाचार सेवा ) ।
यूपी लगभग सभी राजनीतिक दलों ने मिशन 2017 की तैयारी
शुरू कर दी है। इसी कडी में कांग्रेस भी अब चुनावी
बिगुल फूंकने जा रही है। पार्टी कल लखनऊ से रथयात्रा
आरंभ करने जा रही है। इसके साथ पार्टी की सीएम
उम्मीदवार शीला दीक्षित अपने पुश्तैनी घर उन्नाव भी
जाएंगी।
कांग्रेस की यूपी की नयी टीम ने 17 जुलाई को यहां अपना
कार्यभार संभाला था, लेकिन 18 से ही संसद का मानसून
सत्र शुरू हो गया। जिसके कारण नई जिम्मेदारी पाये सभी
नेता दिल्ली रवाना हो गये। कांग्रेस अब 22 जुलाई को
लखनऊ से रथयात्रा में निकालने जा रही है। इस यात्रा का
पहला पड़ाव बरेली होगा, यात्रा का रूट स्थानीय नेताओं
के सुझाव के बाद तय किया जायेगा। 23 जुलाई को रथयात्रा
शाहजहांपुर पहुंचेगी और 24 जुलाई को कानपुर में इसका
अगला पड़ाव होगा। पूरे प्रदेश में निकलने वाली यात्रा
का ये पहला चरण होगा। 22 जुलाई को सभी नेता दिल्ली से
लखनऊ पहुंचेंगे। लखनऊ के कांग्रेस मुख्यालय से ये
यात्रा शुरू होगी। इस यात्रा के लिए यह सभी जिम्मेदार
नेता एक खास रथ पर निकलेंगे।
वहीं मुख्यमंत्री प्रत्याषी शीला दीक्षित इस रथयात्रा
के खत्म होने के बाद अपने पुश्तैनी घर उन्नाव जाएंगी
जहां वो अपना ब्राह्मण कार्ड खेलेंगी। गौरतलब है कि,
शीला दीक्षित कांग्रेस के बड़े ब्राह्मण नेता उमाशंकर
दीक्षित की बहू हैं। सूबे को आखिरी ब्राह्मण
मुख्यमंत्री कांग्रेस ने ही दिया था, ऐसे में कांग्रेस
इस बात को भुनाने की कोशिश कर सकती है।