U.P. Web News
|

Article

|
|
BJP News
|
Election
|
Health
|
Banking
|
|
Opinion
|
     
   News  
 

   

 

देश भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहता हैःमोदी

Tags: Narendra Modi, Prime Minister, BJP, Parivartan Rally, Pagbara, New Moradabad,
Publised on : 03 December  2016,  Last updated Time 17:45
पागबड़ा (नया मुरादाबाद) , 03 दिसम्बर 2016 (उ.प्र.समाचार सेवा)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां नया मुरादाबाद के सेक्टर दो में आयोजित परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहता है। उन्होंने कहा कि आज जो लोग लाइन में खड़े हैं वे ईमानदार लोग हैं। रैली में उन्होंने कांग्रेस पर व्यंग करते हुए कहा कि जो लोग 70 साल से लाइन लगवा रहे थे वो आज आज लाइन पर सवाल उठा रहे हैं। यह भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए आखिरी लाइन है।

प्रधानमंत्री ने देश को डिजिटल इंडिया बनाने में मदद करने के लिए कम शिक्षित लोगों को मोबाइल के जरिए भुगतान सिखाने के लिए भी सबको आगे आने का आवाहन किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उत्तर प्रदेश की गरीबी के लिए अब तक अपनों के विकास के लिए ही काम करने वाली सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। श्री मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार ही राज्य का पूरा विकास कर सकती है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने डिजिटल इंडिया की ओर कदम बढ़ाने का आवाहन करते हुए कहा कि यह देश परिवर्तन स्वीकार करने वाला है। गरीब भी परिवर्तन स्वीकार करता है। अमेरिका में आज भी बैलेट पेपर से मतदान होता है लेकिन भारत ईवीएम मशीन से वोट करता है। जनधन खातों का विरोध करने वाले देख रहे हैं कि अब 20 करोड़ हाथों में रूपे कार्ड है। देश में 40 करोड़ स्मार्ट फोन यूजर्स हैं। करीब 65 फीसदी आबादी 35 साल से कम है। सबको मोबाइल के जरिए भुगतान करने में सक्षम बनाने के लिए आगे आएं। कम शिक्षित वर्ग की मदद करें।

श्री मोदी ने कहा कि मुरादाबाद के पीतल की चमक देश के घर-घर में है लेकिन उसी मुरादाबाद के एक हजार गांवों में आजादी के 70 साल बाद भी बिजली नहीं थी। हमने देश के 18 हजार गांवों में एक हजार दिन में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा था। मैं 2009 के बाद आज मुरादाबाद आया हूं लेकिन मेरे आने के पहले उत्तर प्रदेश के 950 गांव रोशन हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारें घोषणा करने के लिए नहीं योजनाएं बनाकर उन्हें पूरा करने के लिए होती हैं।

उत्तर प्रदेश में रही सपा-बसपा सरकारों पर हमला करते हुए श्री मोदी ने कहा कि राज्य में अब तक अपनों का विकास करने वाली सरकारें ही रही हैं। इसलिए राज्य का भला नहीं हुआ। भाजपा की सरकार बनी तो पूरा जोर सर्वांगीण विकास पर होगा। विकास ही बच्चों की अच्छी शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और बुजुर्गों के लिए सस्ती दवा की राह असान करेगा। वहीं घर, बिजली और पानी की सबके लिए उपलब्धता बढ़ेगी। सपा की ओर इशारा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि मेरे कोई नेता जी नही हैं। सरकार की मालिक यह सवा सौ करोड़ जनता ही है। यही मेरा हाईकमान है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में गरीबी तभी कम होगी जब उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में इसे दूर किया जाए। यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में जितनी जल्दी गरीबी दूर की जाएगी। देश को गरीबी से निजात मिलेगी। श्री मोदी ने कहा कि मैंने बनारस से इसलिए चुनाव लड़ा था कि राज्य की गरीबी से लड़ सकूं।

कालेधन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कहते हुए श्री मोदी ने कहा कि कुछ लोग मुझे गुनहगार ठहरा रहे हैं लेकिन मुझे फर्क नहीं पड़ता। भ्रष्टाचारियों के दिन पूरे हो रहे हैं। हिंदुस्तान की पाई पाई पर सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानियों का हक है। मैं फकीर हूं, झोला उठाकर चल दूंगा। इसी फकीरी ने मुझे गरीबों के लिए लड़ने की ताकत दी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों के जनधन खातों में अपना काला धन जमा करवाने के लिए अमीर उनके पैर पकड़ रहे हैं। गरीब बैंक में जमा धन निकालें नहीं और न ही लौटाएं। बैंकों में जमा धन देश के विकास के काम आएगा। मैं जनधन खाता धारकों से कहना चाहता हूं कि वह इस धन को निकालें या लौटाएं नहीं। किसी के दबाव डालने पर मुझे चिट्ठी लिखें। सरकार इस दिशा में विचार कर रही है कि कैसे वह पैसा गरीबों के काम आए।

कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों पर हमला करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने 70 सालों तक देश को मिट्टी तेल, राशन, गैस, चीनी के लिए कतार में खड़ा रखा। मनी-मनी करने वाले अब मोदी-मोदी कर रहे हैं। हमने आखिरी कतार लगवाई है ताकि अब कभी कतार न लगानी पड़े। इरादे नेक हों तो लोग सबकुछ सहने के लिए तैयार रहते हैं। लोगों ने कतारों में जो तपस्या की है वह बेकार नहीं जाएगी। देश भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहता है।
 

   
  Share as:  

News source: UP Samachar Sewa

News & Article:  Comments on this upsamacharsewa@gmail.com  

 
 
 
                               
 
»
Home  
»
About Us  
»
Matermony  
»
Tour & Travels  
»
Contact Us  
 
»
News & Current Affairs  
»
Career  
»
Arts Gallery  
»
Books  
»
Feedback  
 
»
Sports  
»
Find Job  
»
Astrology  
»
Shopping  
»
News Letter  
© up-webnews | Best viewed in 1024*768 pixel resolution with IE 6.0 or above. | Disclaimer | Powered by : omni-NET